- नगर निगम की पहल से योजना के क्रियान्वयन में आएगी तेज़ी
- पर्यावरण संरक्षण के साथ आर्थिक बचत की दिशा में बड़ा कदम
दुर्ग (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम, दुर्ग।भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा संचालित प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु नगर पालिक निगम, दुर्ग द्वारा शहर क्षेत्र में विशेष पहल की जा रही है। इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से शहर में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देते हुए आम नागरिकों तक इसका व्यापक लाभ पहुंचाने के प्रयास तेज़ कर दिए गए हैं।
नगर निगम प्रशासन का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक नागरिक इस जनकल्याणकारी योजना से जुड़ें और अपने घरों में सोलर रूफटॉप स्थापित कर आत्मनिर्भर ऊर्जा की दिशा में कदम बढ़ाएं। इससे न केवल बिजली बिल में राहत मिलेगी, बल्कि शहर स्वच्छ ऊर्जा की ओर अग्रसर होगा।
योजना का उद्देश्य
प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सौर ऊर्जा के माध्यम से सस्ती, सुलभ एवं स्वच्छ बिजली उपलब्ध कराना है। साथ ही यह योजना पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करते हुए कार्बन उत्सर्जन को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
यह योजना देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है, जो न केवल वर्तमान बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी लाभकारी सिद्ध होगी। नगर निगम, दुर्ग द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस योजना का अधिकतम लाभ उठाएं और स्वच्छ एवं हरित भविष्य के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।





