कोरबा (विश्व परिवार)। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में बीती रात अलग स्थानों पर अज्ञात बदामाशों ने तोडफ़ोड़ की घटनाओं को अंजाम दिया है। इरीगेशन कॉलोनी, बरपाली बस स्टैंड और बरपाली बस्ती के आसपास हुई इन घटनाओं से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इरीगेशन कॉलोनी में एक विद्युत कर्मचारी के मकान के पास पत्थर तोडऩे में प्रयुक्त बारुद से विस्फोट करने किया गया। हालांकि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना से मकान के सामने फर्श में लगा टाइल्स टूट गया। घटना से आसपास के लोग दहशत में आ गए। इसी तरह बरपाली चौक से लगभग 20 मीटर की दूरी पर स्थित मुर्गा मांस बिक्री केंद्र का दरवाजा तोड़ दिया गया। वहीं, करीब 400 मीटर दूर स्थित उप सरपंच के कुक्कुट पालन फार्म में भी तोडफ़ोड़ की गई। वहां खड़े वाहन के ऊपरी हिस्से को क्षतिग्रस्त कर उसके पुर्जे बाहर फेंक दिए गए। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में ईंधन तेल और कोयला चोरी के साथ साथ मादक पदार्थों की अवैध बिक्री जैसी गतिविधियों की शिकायतें भी लगातार मिलती रही हैं, लेकिन समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़े हैं। लोगों ने आशंका जताई कि यदि स्थिति पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो कोई बड़ी घटना हो सकती है।





