दिल्लीदेश

अनुराग कपिल ने एनएमडीसी में निदेशक (वित्त) का पदभार संभाला

दिल्ली (विश्व परिवार)। भारतीय रेलवे लेखा सेवा (IRAS) के 1998 बैच के अधिकारी अनुराग कपिल ने मंगलवार को NMDC Limited में निदेशक (वित्त) के रूप में पदभार ग्रहण किया। एनएमडीसी देश का सबसे बड़ा लौह अयस्क उत्पादक सार्वजनिक उपक्रम है।
करीब 26 वर्षों के अनुभव के साथ कपिल वित्तीय प्रबंधन, सार्वजनिक क्षेत्र के अभिशासन और रणनीतिक योजना में विशेषज्ञता रखते हैं। उन्होंने भारतीय रेलवे में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक, FA&CAO (ट्रैफिक), FA&CAO (वित्त एवं जनरल) और उप मुख्य सतर्कता अधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।
उन्होंने कोयला मंत्रालय में निदेशक के रूप में भी सेवाएं दीं, जहां उन्होंने नीतिगत और क्षेत्रीय कार्यों का प्रभावी संचालन किया। एनएमडीसी में शामिल होने से पहले वे रेलवे बोर्ड में कार्यकारी निदेशक (वित्त-व्यय) के पद पर कार्यरत थे, जहां उन्होंने वित्तीय नीति, व्यय प्रबंधन, परियोजना निगरानी और उत्पादकता विश्लेषण जैसे अहम दायित्व निभाए।
कपिल ने सार्वजनिक उपक्रमों में पूंजी पुनर्गठन, विनिवेश प्रस्तावों, समझौता ज्ञापनों और वित्तीय अनुमोदन से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके अनुभव में सरकारी लेखांकन, परियोजना मूल्यांकन, PPP ढांचा, अनुबंध प्रबंधन, बजटीय नियंत्रण और लागत-लाभ विश्लेषण शामिल हैं।
वे कॉनकॉर में निदेशक (वित्त) का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल चुके हैं, जहां उन्होंने वित्तीय प्रदर्शन को मजबूत करने और मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स व सतत विकास से जुड़ी पहलों का नेतृत्व किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व भी किया है।
अनुराग कपिल ने हंसराज कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय से रसायन विज्ञान (ऑनर्स) में स्नातक, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रबंधन अध्ययन संकाय से MBA (वित्त एवं विपणन) तथा अमेरिका के मिनेसोटा विश्वविद्यालय से सार्वजनिक मामलों में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। वर्ष 2009 में उन्हें रेल मंत्रालय द्वारा उत्कृष्ट सेवा के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
उनका व्यापक अनुभव एनएमडीसी के वित्तीय सुदृढ़ीकरण और भविष्य की विकास योजनाओं को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts