रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पंडरी पुलिस ने एक आरोपी को पिस्टल और खाली मैग्जीन के साथ गिरफ्तार किया है, पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) के निर्देश पर अवैध रूप से हथियार रखने और उनकी खरीद-फरोख्त पर सख्ती बरती जा रही है, इसी क्रम में 15 फरवरी को थाना पंडरी पुलिस को सूचना मिली कि भिक्षुक केंद्र के पास एक व्यक्ति पिस्टल लेकर घूम रहा है। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा, पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नंदू शर्मा (30 वर्ष), निवासी कुशालपुर तिरंगा चौक, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 01 नग पिस्टल और 01 नग खाली मैग्जीन बरामद की गई, वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 38/26, धारा 25 आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है, पिस्टल की खरीद और स्रोत के संबंध में आरोपी से पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार नंदू शर्मा पूर्व में मारपीट और हत्या के मामलों में जेल जा चुका है। अवैध हथियारों के खिलाफ यह कार्रवाई क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





