कोरबा छत्तीसगढ़

पेट्रोल डालकर युवक को जिंदा जलाने का प्रयास, तालाब में कूदकर बचाई जान

कोरबा (विश्व परिवार)। इंसानियत को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां प्रेम संबंधों के विवाद में एक युवक को जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की गई। दर्दनाक घटना के बाद युवक किसी तरह अपनी जान बचाने में कामयाब रहा, लेकिन गंभीर रूप से झुलस गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मामला जांजगीर-चांपा जिला के कटओथ गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक पीडि़त युवक कोरबा जिले के कनकी क्षेत्र का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि युवक की प्रेमिका ने उसे फोन कर गांव में मेला देखने के बहाने मिलने के लिए बुलाया था। युवक भरोसा कर वहां पहुंच गया, लेकिन उसे अंदाजा भी नहीं था कि उसके साथ इतना खौफनाक खेल खेला जाएगा।
जैसे ही युवक वहां पहुंचा, प्रेमिका के भाई ने उस पर पेट्रोल डाल दिया और आग लगा दी। अचानक हुई इस भयावह वारदात से युवक तड़प उठा। जलती आग से घिरा युवक जान बचाने के लिए इधर-उधर भागा और आखिरकार पास के तालाब में कूद गया। तालाब में कूदकर उसने किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन तब तक उसका शरीर बुरी तरह झुलस चुका था। घटना के बाद घायल युवक को तुरंत कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जिला अस्पताल चैकी पुलिस ने युवक का बयान दर्ज कर लिया है और आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामला प्रेम संबंध से जुड़े विवाद और तनाव के कारण हुआ प्रतीत होता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts