Home अयोध्या अयोध्या राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा हुई

अयोध्या राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा हुई

52
0
  • सूरत के कारोबारी ने हीरे जड़े सोने-चांदी के आभूषण दान दिए, चार्टर्ड प्लेन से लाए गए

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। अयोध्या में स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में आज राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन किया गया। प्राण प्रतिष्ठा अभिजीत मुहूर्त में शुरू हुई, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम दरबार का पूजन किया। राम दरबार की स्थापना मंदिर की पहली मंजिल पर की गई है, जहां भगवान श्रीराम, मां सीता, उनके तीनों भाई लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमानजी की मूर्तियां विराजमान हैं। इस कार्यक्रम का आयोजन 11-25 से 11540 बजे तक हुआ, और इस दौरान सभी धार्मिक अनुष्ठान पूरी श्रद्धा के साथ किए गए।
राम दरबार के लिए खास आभूषणों का दान सूरत के प्रमुख कारोबारी मुकेश पटेल ने किया है, जिन्होंने हीरे, सोने और चांदी के आभूषण दान किए। इन आभूषणों में एक हजार कैरेट का हीरा, 30 किलो चांदी, 300 ग्राम सोना, और 300 कैरेट रुबी से बने 11 मुकुट शामिल हैं। साथ ही, गले का हार, कान के कुंडल, माथे का तिलक और धनुष-बाण भी दान किए गए हैं। विशेष रूप से, चारों भाइयों के लिए बड़े और छोटे धनुष-बाण बनाए गए हैं, इसके अलावा तुणीर, गदा और चांवर भी दान किए गए हैं। ये सभी आभूषण विशेष रूप से चार्टर्ड प्लेन के माध्यम से अयोध्या लाए गए। इन आभूषणों को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट को दान दिया गया।
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश नेवादिया ने आभूषणों के दान की जानकारी दी और बताया कि इन आभूषणों को सूरत के ग्रीन लैब के मालिक मुकेश पटेल ने श्रद्धा पूर्वक श्रीराम मंदिर के लिए दान किया। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान भी मुकेश पटेल द्वारा दान किए गए मुकुट को रामलला ने धारण किया था। पिछले साल रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में जहां देशभर के बड़े कारोबारी, फिल्मी हस्तियां और धार्मिक प्रतिनिधि शामिल हुए थे, वहीं इस बार राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा में करीब 350 लोगों को आमंत्रित किया गया है। इनमें श्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी, साधु-संत और धार्मिक प्रतिनिधि शामिल हैं।
राम दरबार की मूर्तियों का निर्माण राम दरबार की मूर्तियां जयपुर में तैयार की गई हैं और ये मकराना के सफेद संगमरमर से बनी हैं। भगवान श्रीराम और मां सीता सिंहासन पर विराजमान हैं, जबकि भरत और हनुमानजी श्रीराम के चरणों में बैठे हुए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा में शिरकत की और पूरे कार्यक्रम की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। वह अयोध्या में करीब छह घंटे तक रहेंगे, इस दौरान राम दरबार के साथ-साथ सात अन्य उप मंदिरों में स्थापित मूर्तियों की भी प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here