नई दिल्ली (विश्व परिवार)। टी20-वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया के लिए एक चिंताजनक खबर सामने आई है। टीम के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा को पेट में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऐसे में 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ खेले जाने वाले मुकाबले में उनके खेलने की संभावना बेहद कम नजर आ रही है। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना है।
7 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ खेले गए पहले मैच के दौरान ही अभिषेक की तबीयत खराब होने की खबरें सामने आई थीं। बताया गया था कि तेज बुखार के बावजूद उन्होंने मैच खेला, जिसके बाद उनकी स्थिति और बिगड़ गई।
अमेरिका के खिलाफ मुकाबले में अभिषेक गोल्डन डक पर आउट हो गए थे। बल्लेबाजी के बाद वह टीम इंडिया के डगआउट में भी नजर नहीं आए। उनकी जगह संजू सैमसन ने फील्डिंग की थी। अभिषेक के अलावा जसप्रीत बुमराह भी अस्वस्थ थे, जबकि वॉशिंगटन सुंदर टीम के साथ मौजूद नहीं थे। खिलाडिय़ों की कमी के चलते उस मैच में ड्रिंक्स सर्व करने की जिम्मेदारी कुलदीप यादव और फील्डिंग कोच टी. दिलीप ने संभाली थी। यहां तक कि मैच के बाद अभिषेक हैंडशेक के लिए भी मैदान पर नहीं आए थे।
10 फरवरी को आयोजित टीम इंडिया के प्रैक्टिस सेशन में भी अभिषेक शर्मा नजर नहीं आए। टीम मैनेजमेंट ने उनकी गैरमौजूदगी की वजह पेट की परेशानी बताई थी। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें पेट में संक्रमण हुआ है। प्रैक्टिस सेशन से पहले मीडिया से बातचीत में टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रेयान डेस काटे ने कहा कि अभिषेक को पेट से जुड़ी शिकायत है और टीम को उम्मीद है कि वह अगले दो दिनों में उपलब्ध हो सकते हैं।
अभिषेक की अनुपस्थिति और प्रैक्टिस में संजू सैमसन के गहन बल्लेबाजी अभ्यास को देखते हुए माना जा रहा है कि नामीबिया के खिलाफ मुकाबले में अभिषेक का खेलना मुश्किल है। रिपोर्ट्स के अनुसार पिछले 24 घंटों में उनकी तबीयत और बिगड़ी है। 8 फरवरी को दिल्ली में आयोजित गौतम गंभीर की डिनर पार्टी में भी अभिषेक टीम के साथ नजर आए थे, जहां उनकी तबीयत को लेकर गंभीर चिंतित दिखे।
अभिषेक शर्मा की सेहत को लेकर अधिक स्पष्ट जानकारी 11 फरवरी को होने वाली प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिलने की संभावना है। वहीं से यह तस्वीर साफ हो सकेगी कि वह कब तक पूरी तरह फिट होकर मैदान पर वापसी कर पाएंगे।





