रायपुर (विश्व परिवार)। देश के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा ने छत्तीसगढ़ राज्य के अहिवारा क्षेत्र में छत्तीसगढ़ राज्य की 219वीं शाखा का सफलतापूर्वक शुभारंभ किया। यह नई शाखा क्षेत्र में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो स्थानीय ग्राहकों को आधुनिक, सुलभ एवं विश्वसनीय बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु समर्पित है।
इस शाखा का उद्घाटन रायपुर अंचल के अंचल प्रमुख दिवाकर प्रसाद सिंह के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने बैंक की ग्राहक-केन्द्रित सेवाओं एवं डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दोहराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय प्रमुख, दुर्ग क्षेत्र, अनंत माधव ने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा वर्षों से अपने ग्राहकों के साथ विश्वास और पारदर्शिता का मजबूत संबंध बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि बैंक न केवल वित्तीय सेवाएं प्रदान करता है, बल्कि अपने ग्राहकों के लिए एक सच्चे मित्र एवं सहयोगी के रूप में भी कार्य करता है।
अंचल प्रमुख श्री दिवाकर प्रसाद सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बैंक कृषि समुदाय के उत्थान के लिए कृषि ऋण, बच्चों की शिक्षा हेतु शिक्षा ऋण तथा छोटे व्यापारियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए केंद्र प्रायोजित योजनाओं जैसे पीएम स्वनिधि योजना, मुद्रा ऋण योजना एवं पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से वित्तीय सहायता प्रदान कर रहा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित “लखपति दीदी योजना” के अंतर्गत बैंक अपनी शाखाओं के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है, जिससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायता मिल रही है और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो रहा है। उन्होंने बैंक की विभिन्न योजनाओं के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर अहिवारा क्षेत्र के विधायक डोमनलाल कोरसेवाड़ा, नंदनी माइंस के महाप्रबंधक सुधाकर जामुलकर, नगर पालिका अध्यक्ष विद्यानंद कुशवाहा, जनपद अध्यक्ष धमधा हेमंत साहू, बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
नई शाखा के उद्घाटन से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ-साथ बैंकिंग सेवाओं की पहुंच और अधिक सुदृढ़ होगी। बैंक ऑफ बड़ौदा की यह पहल क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।





