छत्तीसगढ़रायपुर

बस्तर पण्डुम एवं ओलंपिक जैसे आयोजन से बस्तर को वैश्विक पहचान मिली है – किरण देव

  • बस्तर के गांव धुड़मारास ने देश और दुनिया में अपनी अनोखी पहचान बनाई है – किरण देव

रायपुर (विश्व परिवार)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने बस्तर संभाग को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद ज्ञापित किया है। उन्होंने कहा कि बस्तर में आज विकास की बयार चल रही है। बस्तर अंचल की सोच अब तेजी से बदल रही है। बस्तर अंचल की कलाकृति, समृद्ध जनजातीय संस्कृति, सरल जीवन, प्राकृतिक सौंदर्यता आज दुनिया में सबसे ज्यादा लोकप्रिय हुआ है। बस्तर पंडुम एवं बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन में देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने इस भव्य आयोजन में शामिल होकर बस्तर की संस्कृति को अलौकिक बताया, वहीं केन्द्रीय गृह अमित शाह बस्तर को एक विकसित अंचल बनाने के लिए कार्य कर रहें है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि आज बदले हुए बस्तर की झलक हाल ही में आयोजित बस्तर पंडुम महोत्सव में देखने को मिली जिसकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से खुले दिल से सराहना की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि बस्तर पंडुम ने बस्तर की संस्कृति, परंपरा और जनजातीय विरासत को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि जब बस्तर का नाम सुनते ही माओवाद और हिंसा की छवि सामने आती थी लेकिन आज यह क्षेत्र विकास शांति और स्थानीय लोगों के बढ़ते आत्मविश्वास के लिए जाना जा रहा है। बस्तर की पहचान अब केवल संघर्ष की नहीं बल्कि सांस्कृतिक संभावनाओं की भूमि के रूप में उभर रही है। आने वाला समय बस्तर के लिए शांति, प्रगति और समृद्धि लेकर आएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि बस्तर की चित्रकूट, तीरथगढ़ एवं मां दंतेश्वरी मंदिर सैलानियों को अत्यधिक प्रिय है। बस्तर के पर्यटन गांवों को वैश्विक पहचान और ईको-टूरिज्म के तौर पर नया रूप दिया जा रहा है। यहां की आदिवासी विरासत, जलप्रपात, गुफाएं और होम-स्टे नीति से न केवल सैलानियों के लिए आकर्षण बढ़ा है, बल्कि स्थानीय लोगों को भी रोज़गार के नए अवसर मिले हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर जिले के छोटे से गांव धुड़मारास ने देश और दुनिया में अपनी अनोखी पहचान बनाई है। बस्तर जिले के कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में स्थित धुड़मारास गांव को संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन द्वारा सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव के उन्नयन कार्यक्रम के लिए चयनित किया गया है। संयुक्त राष्ट्र के पर्यटन ग्राम उन्नयन कार्यक्रम के लिए 60 देशों से चयनित 20 गांवों में भारत के छत्तीसगढ़ राज्य के धुड़मारास ने भी अपनी जगह बनाई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts