छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर में पैसों की बारिश कराने बीजेपी पार्षद से ठगी

रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में तंत्र-मंत्र के जरिए पैसों को 100 गुना करने का झांसा देकर एक बीजेपी पार्षद से साढ़े तीन लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ठक्कर बापा वार्ड के पार्षद रुस्तम कुर्रे की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भिलाई के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
भिलाई के ठगों ने बुना ‘पैसा दोगुना’ करने का जाल
घटना की शुरुआत करीब एक साल पहले हुई थी, जब पार्षद रुस्तम कुर्रे की मुलाकात सुपेला (भिलाई) निवासी राहुल भारती से हुई। राहुल ने धीरे-धीरे पार्षद का भरोसा जीता और 4 फरवरी 2026 को उन्हें एक कथित तांत्रिक मयंक दास के बारे में बताया। राहुल ने दावा किया कि मयंक अपनी तांत्रिक शक्तियों से पैसों को 100 गुना बढ़ा सकता है।
कार्यालय में अनुष्ठान और ‘हाथ की सफाई’
6 फरवरी की शाम करीब 7 बजे राहुल और मयंक दास गुढ़ियारी स्थित पार्षद के कार्यालय पहुंचे। वहां तंत्र-मंत्र का नाटक शुरू किया गया।
अनुष्ठान: पूजा के दौरान कथित तांत्रिक मयंक ने पार्षद से नकद राशि मांगी।
असली नोटों का समर्पण: पार्षद ने 500 रुपये के 7 बंडलों में कुल 3 लाख 50 हजार रुपये उन्हें सौंप दिए।
चलाकी: तांत्रिक ने पार्षद को बाहर बैठने को कहा और रात 10:30 बजे तक कमरे के अंदर पूजा करता रहा।
श्मशान का बहाना बनाकर हुए फरार
पूजा खत्म होने के बाद आरोपियों ने पार्षद को एक थैला थमाया और कहा कि इसमें पैसा बढ़ रहा है, वे अभी ‘श्मशान की मिट्टी’ लेने जा रहे हैं। इसके बाद दोनों अपनी अपाचे बाइक से रफूचक्कर हो गए। काफी देर तक जब वे नहीं लौटे, तो पार्षद ने थैला खोला, जिसमें असली नोटों की जगह नकली नोटों की रद्दी भरी हुई थी।
4 घंटे में पुलिस ने दबोचा, पूरी रकम बरामद
पार्षद की शिकायत पर गुढ़ियारी पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और 4 घंटे के भीतर दोनों संदेहियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी: राहुल भारती (निवासी सुपेला, भिलाई) और मयंक दास (निवासी रिसाली, भिलाई)।
बरामदगी: पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी के पूरे 3.5 लाख रुपये, एक अपाचे बाइक और मोबाइल जब्त कर लिया है।
आपको बता दे की हाल ही में बिलासपुर के बिल्हा क्षेत्र में भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जहां 2.50 लाख को 2.50 करोड़ बनाने का झांसा देकर एक सरपंच पति के घर ‘पैसों की बारिश’ का ढोंग रचा गया था। राजधानी की इस घटना ने एक बार फिर अंधविश्वास के नाम पर होने वाली ठगी के प्रति लोगों को सचेत किया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts