नई दिल्ली (विश्व परिवार)। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को मल्लिकार्जुन खड़गे के ‘भाजपा-RSS को जहरीला सांप’ बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी लोगों को सांप्रदायिक आधार पर भड़काने की कोशिश है और सस्ती मानसिकता दिखाती है। नवीन ने एक न्यूज एजेंसी से कहा कि कांग्रेस की यह पुरानी परंपरा रही है कि वह ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करती है, जिनका समाज पर नकारात्मक असर पड़ता है। ऐसे बयानों के बाद जनता BJP को जीत का आशीर्वाद देती है।
उन्होंने खड़गे के बयान के पीछे गांधी परिवार को जिम्मेदार ठहराया। कहा- ये गांधी परिवार के शब्द हैं। राहुल और सोनिया रिमोट कंट्रोल से पार्टी चलाते हैं और खड़गे उसी के तहत बोलते हैं। दरअसल 6 अप्रैल को असम में रैली में खड़गे ने कहा था कि अगर आप नमाज पढ़ रहे हैं और जहरीला सांप आ जाए तो नमाज छोड़कर उसे मारना है, यह कुरान में कहा गया है। यह आरएसएस और बीजेपी जहरीले सांप हैं, इनको नहीं मारेंगे तो आप बचेंगे नहीं।
केरल और गुजरात के लोगों की तुलना को लेकर दी प्रतिक्रिया
नितिन नवीन ने खड़गे के उस बयान की भी आलोचना की, जिसमें उन्होंने केरल और गुजरात के लोगों की तुलना की थी। खड़गे ने कहा था कि केरल के लोग पढ़े-लिखे और समझदार हैं, उन्हें गुमराह नहीं किया जा सकता, जबकि गुजरात जैसे राज्यों के लोगों को गुमराह किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गुजरात महात्मा गांधी और सरदार पटेल की भूमि है और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को आगे बढ़ा रहे हैं।
इसके अलावा उन्होंने बिहार के नए सीएम को लेकर मतभेद की खबरों पर कहा, ‘कहीं कोई मतभेद नहीं है। सब चीजें समय के अनुसार चल रही हैं। 10 अप्रैल को राज्यसभा का शपथ है। उसके बाद की प्रक्रिया शुरू होगी। गठबंधन धर्म भाजपा ने हमेशा बखूबी और सम्मानपूर्वक निभाया है। यही कारण है कि आज भी दलों को हम पर विश्वास होता है। पूरी प्रक्रिया चल रही है। सब माननीय नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में तय हो रहा है, उसी हिसाब से चीजें चल रही हैं।





