- केन्द्रीय बजट और वीबी-जी राम जी अभियान गांव, गरीब और युवा के सपनों को साकार कर विकसित भारत की मजबूत नींव रख रहे हैं – केदार कश्यप
जगदलपुर (विश्व परिवार)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा विकसित भारत– गारंटी फॉर रोजगार एण्ड आजीविका मिशन ग्रामीण (VB-G RAM G) अभियान एवं केन्द्रीय बजट के विषयों को लेकर नारायणपुर विधानसभा अंतर्गत ग्राम सालेमेटा व तीरथा में जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और ग्रामीणों से संवाद करते हुए बजट की प्रमुख घोषणाओं एवं योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
जन चौपाल के दौरान मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि केन्द्रीय बजट गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को सशक्त बनाने वाला बजट है, जिसमें ग्रामीण विकास, अधोसंरचना और रोजगार को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने वीबी-जी-राम जी अभियान के उद्देश्य बताते हुए कहा कि विकसित ग्राम पंचायतों के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को पारदर्शी रूप से साकार किया जा रहा है। वहीं कांग्रेस को गांव गरीब एवं अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचने से तकलीफ हो रही है और वे भाजपा की जनहितकारी योजनाओं का विरोध कर जनता को भ्रमित करने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं वीबी – जी राम जी के जिला संयोजक नरसिंह राव जी ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की भेंट चढ़ गई थी, लेकिन वर्तमान सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम कर रही है।
कार्यक्रम को जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी ने संबोधित करते हुए कहा कि बजट में शामिल विभिन्न योजनाओं, आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य तथा ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो जिला महामंत्री रामप्रसाद मौर्य और आभार प्रदर्शन भाजपा मंडल महामंत्री तुलसु कश्यप ने किया।
जन चौपाल में ग्रामीणों ने भी अपने सुझाव एवं समस्याएं साझा कीं, जिनके समाधान के लिए मंत्री ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर निर्देश दीवान, संतोष बघेल, खितेश मौर्य, हरदेव बघेल, मनीराम कश्यप, दयानिधि ठाकुर, तिरसिंह बघेल, नडगी पटेल सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। जन चौपाल के माध्यम से सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का प्रयास किया गया।





