नई दिल्ली (विश्व परिवार)। जस्टिस यशवंत वर्मा के इस्तीफे की चर्चा तेज, नकदी बरामदगी मामले में घिरे
इलाहाबाद हाईकोर्ट में तैनात जस्टिस यशवंत वर्मा इन दिनों गंभीर विवादों में घिरे हुए हैं। जानकारी के अनुसार, उनके दिल्ली स्थित आवास में जले हुए नोटों के बंडल मिलने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जारी है।
सूत्रों के मुताबिक, जस्टिस वर्मा के घर में 500 रुपये के नोटों के जले हुए बंडल पाए गए थे, जिसके बाद से यह मामला सुर्खियों में है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच उनके इस्तीफे की अटकलें भी तेज हो गई हैं।
वहीं, संसद में भी इस मामले को लेकर हलचल बढ़ गई है। महाभियोग प्रस्ताव को लेकर चर्चा चल रही है और विपक्ष सरकार पर कार्रवाई का दबाव बना रहा है। हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर इस्तीफे की पुष्टि नहीं हुई है।
इधर, जस्टिस वर्मा ने खुद पर लगे आरोपों को लेकर गहरी पीड़ा जताई है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि बिना ठोस सबूतों के उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंच रहा है।
फिलहाल, पूरे मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस पर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।





