सक्ती (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में युवती को जिंदा जलाने के सनसनीखेज मामले में अब नए तथ्य सामने आए हैं। 23 वर्षीय मृतिका दिशा मरावी केस में कथित सोशल मीडिया चैट और कुछ फोटो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
जानकारी के अनुसार, यह कथित घटना 24 जनवरी 2026 को सक्ती स्थित होटल शिवम में हुई बताई जा रही है। मृतिका की मां मीना मरावी पहले ही योगेन्द्र कुमार साहू सहित तीन युवकों पर हत्या का आरोप लगा चुकी हैं।
अब सामने आए कथित इंस्टाग्राम चैट में दावा किया जा रहा है कि आरोपी योगेन्द्र साहू युवती पर होटल में मिलने का दबाव बना रहा था। चैट में यह भी उल्लेख है कि एक कथित वीडियो के बदले उसे होटल बुलाने की कोशिश की गई। आरोप है कि होटल में नहीं मिलने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी जा रही थी।
वहीं चैट में युवती लगातार मिलने से इनकार करती नजर आ रही है। इस बीच सोशल मीडिया पर मृतिका और आरोपी से जुड़े आपत्तिजनक फोटो वायरल होने की भी चर्चा है, जिसने मामले को और संवेदनशील बना दिया है।
परिजनों का आरोप है कि मानसिक दबाव और ब्लैकमेलिंग के चलते यह दर्दनाक घटना हुई। इससे पहले भी जली हालत में युवती को कार से अस्पताल छोडऩे और सीसीटीवी फुटेज को लेकर कई सवाल उठ चुके हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।





