रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत आज से हो रही है। सत्र से पहले कार्य मंत्रणा समिति की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने की। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री अरुण साव समेत कई मंत्री और विधायक शामिल हुए।
बैठक के दौरान सत्र को सुचारू रूप से संचालित करने, प्रश्नकाल की रूपरेखा तय करने और विभिन्न विधायी कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सदन में उठाए जाने वाले संभावित मुद्दों को लेकर पक्ष और विपक्ष के बीच विचार-विमर्श हुआ।
यह बजट सत्र 23 फरवरी से 20 मार्च तक चलेगा। पहले दिन सुबह 11:05 बजे राज्यपाल का अभिभाषण होगा, जबकि 24 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे वित्त मंत्री ओपी चौधरी बजट पेश करेंगे। 26 और 27 फरवरी को बजट पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
सत्र के दौरान सरकार धर्म स्वतंत्रता विधेयक भी पेश करने की तैयारी में है, जो धर्मांतरण से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित होगा।
इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ट्वीट कर बताया कि उन्होंने नए विधानसभा भवन में पहले बजट सत्र के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सत्र लोकतांत्रिक परंपराओं और जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा के साथ राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।





