- ₹1.72 लाख करोड़ का संतुलित बजट ‘संकल्प से सिद्धि’ की ओर बड़ा कदम:- सतीश थौरानी
रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा में प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट का स्वागत करते हुए इसे राज्य की 3 करोड़ जनता, विशेषकर उद्योग एवं व्यापार जगत की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बताया है। उन्होंने कहा कि ₹1.72 लाख करोड़ का यह दूरदर्शी एवं संतुलित बजट “संकल्प” की भावना के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का सशक्त रोडमैप प्रस्तुत करता है। प्रदेश के वित्त मंत्री माननीय ओ.पी. चैधरी जी, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा विधानसभा में प्रस्तुत बजट का छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने स्वागत किया है।
श्री थौरानी ने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चैधरी का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह बजट सुशासन, पारदर्शिता, निवेश प्रोत्साहन और औद्योगिक विकास के माध्यम से राज्य को आत्मनिर्भर एवं प्रतिस्पर्धी अर्थव्यवस्था की दिशा में अग्रसर करेगा। यह बजट माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत @2047 के विजन से प्रेरित होकर छत्तीसगढ़ को नई औद्योगिक ऊँचाइयों पर ले जाने का सामथ्र्य रखता है।
प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश थोरानी ने विशेष रूप से उद्योग एवं व्यापार से संबंधित प्रावधानों का स्वागत करते हुए कहा कि बस्तर चेम्बर ऑफ कॉमर्स को नया भवन प्रदान करने का निर्णय व्यापारिक गतिविधियों को नई ऊर्जा देगा। राज्य में 23 नए औद्योगिक पार्कों की स्थापना हेतु ₹250 करोड़ का प्रावधान औद्योगिक निवेश, उत्पादन क्षमता एवं व्यापक रोजगार सृजन को गति देगा। व्यापार और उद्योग को नई ऊर्जा देते हुए बजट में व्यापारिक अधोसंरचना और औद्योगिक विकास के लिए किए गए विशेष प्रावधानों से प्रदेश में निवेश का वातावरण निर्मित होगा। उद्योगों के बजट को 248 करोड़ से बढ़ाकर 775 करोड़ (लगभग 3 गुना वृद्धि) करना सरकार की औद्योगिक विकास के प्रति गंभीरता को दर्शाता है।
लैंड बैंक विकास योजना के लिए ₹200 करोड़ का प्रावधान उद्योगों के लिए भूमि उपलब्धता सुनिश्चित कर निवेश प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाएगा। बस्तर एवं सरगुजा अंचल में खाद्य, एग्रो-फॉरेस्ट्री एवं कृषि आधारित उद्योगों के प्रोत्साहन हेतु ₹100 करोड़ का प्रावधान क्षेत्रीय संतुलित विकास एवं स्थानीय उद्यमिता को मजबूत करेगा।
इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 के लिए ₹10 करोड़ का प्रावधान राज्य को नई तकनीक आधारित विनिर्माण हब के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। राज्य में निर्मित हस्तशिल्प उत्पादों को बढ़ावा देने हेतु 5 प्रमुख हवाई अड्डों पर हैंडीक्राफ्ट शो-रूम की स्थापना से स्थानीय कारीगरों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री एआई मिशन के माध्यम से युवाओं के कौशल विकास, एआई आधारित स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन तथा प्रशासन, कृषि, स्वास्थ्य और उद्योग क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं NIPUN मिशन के तहत अगले 5 वर्षों तक प्रतिवर्ष न्यूनतम ₹100-100 करोड़ का प्रावधान युवाओं को जॉब-सीकर से जॉब-क्रिएटर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। यह मिशन नई पीढ़ी को उद्योग संगत कौशल प्रदान कर उन्हें भविष्य की तकनीक आधारित अर्थव्यवस्था के अनुरूप तैयार करेगा।
औद्योगिक इकाइयों के लिए ₹750 करोड़ की पूंजी निवेश सब्सिडी, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना हेतु ₹14 करोड़ तथा पर्यटन विकास मिशन के अंतर्गत थीम आधारित सर्किट, मेले, उत्सव, होम-स्टे एवं स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा देने जैसे प्रावधान राज्य की समग्र आर्थिक प्रगति के सूचक हैं।
श्री सतीश थौरानी ने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट उद्योग, व्यापार, कृषि, पर्यटन और सेवा क्षेत्र को समान रूप से सशक्त करते हुए छत्तीसगढ़ को निवेश, नवाचार और रोजगार का अग्रणी केंद्र बनाएगा एवं जनविश्वास, जनकल्याण और जनसमृद्धि की त्रिवेणी पर आधारित होकर प्रदेश को समृद्ध, समर्थ और आत्मनिर्भर राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज इस जन-कल्याणकारी और व्यापार-हितैषी बजट के लिए राज्य सरकार की सराहना करता है।
बजट प्रतिक्रिया के अवसर पर चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी, कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सिंह सलूजा, उपाध्यक्ष लोकेश चंद्रकांत जैन, दिलीप इसरानी, मंत्री प्रशांत गुप्ता, सदस्य-प्रसुन दीक्षित, महिला चेम्बर अध्यक्ष डाॅ. ईला गुप्ता, कोषाध्यक्ष नम्रता अग्रवाल आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।





