छत्तीसगढ़रायपुर

मुख्यमंत्री साय ने मीडिया विभाग के सदस्यों से किया संवाद, प्रदेश के विकास और नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक दौर में पहुंचे अभियान की आवाज बुलंद करने का किया आग्रह

  • मीडिया विभाग ने ऐतिहासिक बजट के लिए मुख्यमंत्री साय का अभिनंदन किया।

रायपुर (विश्व परिवार)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को विधानसभा परिसर स्थित कक्ष में भाजपा मीडिया विभाग के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की प्रगति, जनहितकारी योजनाओं और विशेष रूप से राज्य की सुरक्षा चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की। श्री साय ने अपने प्रबोधन में मीडिया विभाग की भूमिका को रेखांकित किया और कहा कि सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने और धरातल की समस्याओं को शासन तक लाने में मीडिया विभाग के सभी सदस्यों की सक्रियता सराहनीय है। विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरा करने के लिए मीडिया विभाग एक सेतु के रूप में कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने नक्सलवाद के मुद्दे पर बोलते हुए स्पष्ट किया कि राज्य सरकार सुरक्षा और विकास की दोहरी रणनीति पर काम कर रही है। इसलिए नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हो रहे सकारात्मक बदलावों और सरकार की पुनर्वास नीतियों को प्राथमिकता देना समय की मांग है। सुरक्षा बलों के मनोबल और बस्तर के अंदरूनी इलाकों में पहुँच रही बुनियादी सुविधाओं को भी प्रमुखता से साझा किया जाए। भ्रामक सूचनाओं के बजाय तथ्यों पर आधारित विमर्श को बढ़ावा दें, ताकि नक्सलवाद के विरुद्ध चल रही इस निर्णायक लड़ाई में जनमत सुदृढ़ हो सके। श्री साय ने विश्वास दिलाया कि उनकी सरकार पारदर्शिता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल बुनियादी ढाँचा खड़ा करना नहीं, बल्कि प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक खुशहाली पहुँचाना है। इस यात्रा में मीडिया विभाग का सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदेश की छवि को राष्ट्रीय स्तर पर निखारने में सहायक होगा। बैठक में उपस्थित मीडिया विभाग के प्रतिनिधियों ने भी प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव साझा किए। बैठक में मीडिया विभाग ने एक शानदार और ऐतिहासिक बजट के लिए मुख्यमंत्री जी का अभिनंदन किया। बैठक के दौरान प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही ने विभाग की गतिविधियों से मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया। आभार प्रदर्शन पूर्व मीडिया प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने किया। इस अवसर पर विभाग के सदस्यगण, प्रवक्ता-पैनलिस्ट उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts