- एक जवान गंभीर रूप से घायल
धमतरी (विश्व परिवार)। धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खपरी बाईपास के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में 201 कोबरा बटालियन के 4 जवानों की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं एक जवान गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है. सूचना पर तत्काल मौके पर अर्जुनी थाना पुलिस ने घायल जवानों को उपचार के लिए और दिवंगत जवानों के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के लिए रवाना किया।
जानकारी के अनुसार, जगदलपुर 201 बटालियन से जवानों को लेकर आ रही डिजायर कार खपरी बाईपास पर सड़क किनारे ट्रक से जा भिड़ी. भिड़ंत इतनी भयावह थी कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई. गैस कटर की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार के अंदर फंसे जवानों को उन्हें बाहर निकाला गया. दर्दनाक हादसे में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई थी, वहीं गंभीर रूप से घायल दो जवानों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया. हादसे में एक जवान गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच कार्रवाई में जुटी है।
मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज धमतरी में हुए सडक़ हादसे में कोबरा बटालियन के वीर जवानों के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा में समर्पित हमारे जांबाज जवानों का निधन अत्यंत हृदयविदारक है और यह क्षति अपूरणीय है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने दिवंगत जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में कोबरा बटालियन के जवानों की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायल जवान के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायल जवान के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।





