छत्तीसगढ़रायपुर

मनरेगा, महंगाई और बेरोजगारी पर कांग्रेस का प्रदर्शन, भूपेश बघेल का केंद्र पर हमला

रायपुर (विश्व परिवार)। मनरेगा का नाम बदलने, सिलेंडर की बढ़ी कीमतों, किसानों पर अत्याचार, बेरोजगारी, प्रदेश में बढ़ते अपराध, जंगलों की कटाई समेत कई मुद्दों को लेकर कांग्रेस आज विधानसभा का घेराव कर रही है। घेराव से पहले भारत माता चौक पर सभा का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित कई विधायक, पूर्व मंत्री सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि “56 इंच की बात करने वाली सरकार आज किसानों को डीएपी खाद तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है।” उन्होंने गैस सिलेंडर की कीमतों और उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि “आज देश में आम आदमी को गैस सिलेंडर तक नहीं मिल रहा है और कीमतें ढाई हजार रुपये तक पहुंच गई हैं।” नरेंद्र भी गायब और सरेंडर भी गायब, ये नारा लोकसभा में लग रहा है। विश्व गुरु अब गुरु घंटाल बन चुके हैं, शर्म से पानी में डूब मरना चाहिए।
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए रोजगार, महंगाई और गरीबों के अधिकारों को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने देश के करोड़ों लोगों को रोजगार और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार दिया, जबकि वर्तमान सरकार इन अधिकारों को कमजोर करने में लगी है।
बघेल ने कहा कि पहले मनरेगा के तहत मजदूरों को 15 दिनों के भीतर मजदूरी मिलने का अधिकार था, लेकिन अब केंद्र सरकार यह तय कर रही है कि किसे क्या मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले केंद्र सरकार द्वारा पूरी राशि दी जाती थी, लेकिन अब यह घटाकर लगभग 60 प्रतिशत कर दी गई है, जिससे गरीबों पर सीधा असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि “गरीबों के मूलभूत अधिकारों को खत्म किया जा रहा है और उनके मुंह से निवाला छीनने का काम किया जा रहा है। मनरेगा जैसी योजना को कमजोर कर दिया गया है।” भूपेश बघेल ने आगे कहा कि मोदी का नाम पनौती रख देना चाहिए। पहली बार पहलगाम गए तो आम लोगों की हत्या हो गई। इजरायल गए तो विश्व युद्ध शुरू हो गया।
2028 और 2029 में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा
भूपेश बघेल ने कहा कि आने वाले चुनावों में कांग्रेस की सरकार बनेगी। “2028 और 2029 में कांग्रेस की सरकार बनेगी और हम गरीबों को उनका हक और मजदूरी दिलाएंगे।” पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंच से कवासी लखमा को बस्तर टाइगर बोलते हुए कहा, लखमा आदिवासियों के मुद्दों को उठा रहे हैं। बीजापुर मामले को लेकर बघेल ने कहा कि बस्तर में आदिवासियों बेटियों का बलात्कार हो रहा है। अवैध गर्भपात करवाया जा रहा है। बीजेपी कार्यकर्ता और RSS के लोग जबसे वहां जाने लगे हैं तब से ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। प्रदेश में अफीम की खेती हो रही है। भाजपा नेता विनय ताम्रकार को बीजेपी बचाना चाहती है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts