देशनई दिल्ली

‘कांग्रेस समझौतों से करती थी गुमराह, भाजपा ने जमीन पर उतारा काम’: पीएम मोदी

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत नमो ऐप के माध्यम से असम के भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने खुद को भी एक कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि पार्टी जो जिम्मेदारी देती है, उसे निभाने के लिए वह हमेशा तत्पर रहते हैं।
बूथ स्तर पर रिकॉर्ड बनाने का आह्वान
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि असम में मतदान के रिकॉर्ड टूटेंगे, लेकिन पार्टी को जीत के नए रिकॉर्ड भी बनाने होंगे। इसके लिए बूथ स्तर पर मजबूत प्रदर्शन जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की निष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि पहले भी उन्होंने शानदार काम किया है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले कांग्रेस सिर्फ सुर्खियां बटोरने और लोगों को गुमराह करने के लिए कागजों पर समझौते करती थी। सत्ता में आने के बाद उन समझौतों को लागू नहीं किया जाता था, जिससे युवाओं को परेशानी और अशांति का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ईमानदारी से शांति समझौतों को जमीन पर लागू किया है और असम ने पिछले एक दशक में शांति स्थापित होते हुए देखी है।
चाय बागान और डबल इंजन सरकार का जिक्र
प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे लोगों को पश्चिम बंगाल और भाजपा शासित राज्यों के चाय बागानों की स्थिति की तुलना बताएं। उन्होंने कहा कि इससे ‘डबल इंजन सरकार’ का महत्व समझ में आएगा।
नमो ऐप और योजनाओं पर जोर
मोदी ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं के पास नमो ऐप (NaMo App) होना जरूरी है। इसके जरिए नारी सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं और सरकारी पहलों की जानकारी मिलती है। उन्होंने असम में चलाई जा रही ओरुनोदोई योजना और लखपति दीदी योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इनकी सफलता की कहानियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना चाहिए।
‘जनता का दिल जीतना ही लक्ष्य’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बड़ी जनसभाओं को संबोधित करना सामान्य बात है, लेकिन बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद करना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनाव जीतने के लिए नहीं, बल्कि जनता का दिल जीतने के लिए काम करते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts