बेमेतरा (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ में इन दिनों नवरात्रि की धूम है। भक्त अपनी मनोकामना लेकर मां के दरबार में ज्योत जलवा रहे और दर्शन करने पहुंच रहे। वहीं बेमेतरा जिले के बिरनपुर के मां शक्ति मंदिर में कांग्रेसियों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नाम पर ज्योत जलाए हैं और क्षेत्र में सुख-शांति और कांग्रेस की सरकार बनने माता रानी से प्रार्थना की है। बता दें कि शक्ति घाट में ही 2023 में दो समुदाय के बीच हिंसा की शुरुआत हुई थी, जहां वर्तमान साजा विधायक ईश्वर साहू के बेटे भुवनेश्वर साहू की मौत हुई थी।
किसान कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष बलदाऊ प्रसाद मिश्रा, प्रदेश महासचिव राजेंद्र साहू ने बताया कि 2023 में बिरनपुर के शक्ति घाट में दो समुदाय के बीच हिंसा की शुरुआत हुई थी। इस झगड़े में भुनेश्वर साहू की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव पसरा। यह मामला राजनीतिक मुद्दा भी बना। इसी दौरान गांव के ही कुछ घरों में आगजनी भी हुई। 10 अप्रैल को मुस्लिम समुदाय के दो लोगों के शव खेत से बरामद हुए थे। इसके बाद तनाव इतना बढ़ गया था कि गांव में धारा 144 लगानी पड़ी।
आपसी विवाद राजनीतिक मुद्दा बनने से कांग्रेस को हुआ नुकसान
कांग्रेस नेता बलदाऊ मिश्रा ने कहा, आपसी विवाद राजनीतिक मुद्दा बन गया था। इसका परिणाम कांग्रेस पार्टी को भुगतना पड़ा। इस मुद्दे ने कई विधानसभा क्षेत्रों को प्रभावित किया, जिसके चलते छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार नहीं बन पाई। आज हम लोग इलाके में शांति व्यवस्था बनी रहे, कांग्रेस की उन्नति, केंद्र और राज्य में कांग्रेस की सरकार बने, इस उद्देश्य से राहुल गांधी के नाम से मां शक्ति के दरबार में ज्योत जला रहे हैं। कांग्रेसियों ने मां शक्ति से प्रार्थना की है कि जाने अनजाने में जो भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गलती हो गई होगी उसके लिए हमें माफ करें। साजा क्षेत्र में आने वाले चुनाव में कांग्रेस का विधायक बने और प्रदेश में फिर से सता की वापसी हो।





