भिलाई

निगम आयुक्त द्वारा किया गया बैकुंठ धाम क्षेत्र का सघन निरीक्षण

भिलाईनगर (विश्व परिवार) ।नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने आज जोन-3 अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नवीन डामर रोड, बैकुंठधाम मैदान, उद्यानों और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निगम की संपत्तियों पर अतिक्रमण कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जनसुविधाओं के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
​ बैकुण्ठधाम क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि एक क्रिकेट कोच द्वारा निगम की स्वामित्व वाली जमीन पर अवैध कब्जा कर क्रिकेट कोर्ट का निर्माण कराया जा रहा था। आयुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए सहायक राजस्व अधिकारी बसंत देवांगन को तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। ​जयंती उद्यान के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने पाथवे, झरने और फव्वारों के आवश्यक संधारण के निर्देश दिए। साथ ही बाउंड्रीवाल तोड़कर अनाधिकृत प्रवेश करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी कानूनी कार्यवाही करने को कहा।​ शासकीय स्कूल के समीप कचरा डंपिंग स्थल का अवलोकन करते हुए आयुक्त ने पाया कि वहां कचरा एकत्रित होने से स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि वार्ड का कचरा वहां जमा न रहे और प्रतिदिन कचरे का उठाव सुनिश्चित किया जाए।
​ जोन आयुक्त कुलदीप गुप्ता के साथ उन्होंने क्षेत्र में निर्मित नवीन डामर सड़कों की गुणवत्ता भी परखी। निगम स्वामित्व के संपत्ति का बिना निगम के अनुमति निजी कार्यक्रमों में उपयोग पर प्रतिबंध लगाने हेतु निर्देशित किया गया है । इस तरह के कृत्य से आवागमन बाधित होने के साथ कचरा भी फैलता है, जिससे आसपास के लोगों को दिक्कत होती है और व्यवस्था खराब होती है । ऐसे टेंट संचालक और कार्यक्रम आयोजन कर्ताओं के खिलाफ आगामी समय में कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया है। नियमानुसार शुल्क जमा कर नगर निगम के व्यवस्थाओं में सहयोग करेंगे, इस तरह से विधिवत कार्य करने से शहर की व्यवस्था में सुधार होगी । आवागमन बाधित नहीं होगी और दुर्घटनाओं से भी निजात मिलेगी । जागरूकता में कमी होने के कारण सफाई व्यवस्था में दिक्कत होती है, कार्यक्रम संचालित करने के पश्चात कहीं भी वेस्ट मटेरियल फेंक दिया जाता है, ऐसे लोग सावधान रहें इनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई होगी ।
​निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता अनिल सिंह, सहायक अभियंता नितेश मेश्राम, उप अभियंता दीपक देवांगन, जोन स्वास्थ्य अधिकारी बीरेन्द्र बंजारे एवं पार्षद प्रतिनिधि भोला साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts