रायपुर (विश्व परिवार)। थाना स्तर पर अपराध की रोकथाम एवं निराकरण, प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा रात्रिकालीन अवैध एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने हेतु आज पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल द्वारा क्राइम मीटिंग आयोजित की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राहुल देव शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त आज़ाद चौक इशु अग्रवाल एवं सहायक पुलिस आयुक्त पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पश्चिम जोन अंतर्गत आने वाले थाना प्रभारियों — थाना आमानाका, आज़ाद चौक, टिकरापारा, डीडी नगर, पुरानी बस्ती, राजेंद्र नगर, कबीर नगर एवं सरस्वती नगर, मुजगहन — की उपस्थिति में क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, लंबित शिकायतों के शीघ्र निराकरण, प्रभावी पेट्रोलिंग, रात्रि गश्त सुदृढ़ करने तथा अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) द्वारा विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर नियमानुसार सख्ती बरतते हुए निर्धारित समय एवं नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। प्राप्त अपराधों एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए तथा संज्ञेय अपराधों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। क्षेत्र में सघन पेट्रोलिंग एवं रात्रि गश्त बढ़ाकर अवैध एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त गांजा, सट्टा एवं अवैध शराब जैसे अवैध कार्यों पर कड़ाई से प्रतिबंध लगाने तथा ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही क्षेत्र में विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने, आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करने तथा गुंडे-बदमाश एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु सतत निगरानी एवं कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया।
सूखे नशे जैसे गांजा, नशीली टैबलेट एवं हेरोइन आदि मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने तथा ऐसे अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के भी निर्देश दिए गए।
सभी थाना प्रभारियों को आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु निरंतर निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।





