कवर्धाछत्तीसगढ़

जिला स्तरीय युवा संसद का आयोजन 25 फरवरी को

कवर्धा (विश्व परिवार)। शासकीय गजानन माधव मुक्तिबोध महाविद्यालय सहसपुर लोहारा, जिला कबीरधाम (छत्तीसगढ़) एवं भारत सरकार युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 25 फरवरी 2026, दिन बुधवार को प्रातः 10 बजे से जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम का विषय “आपातकाल के 50 वर्ष: भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक” निर्धारित किया गया है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा सक्रिय नागरिकता की भावना को सुदृढ़ करना है। युवा संसद के माध्यम से प्रतिभागियों को संसदीय प्रक्रिया, विचार-विमर्श की परंपरा और लोकतांत्रिक उत्तरदायित्व की व्यावहारिक समझ प्रदान की जाएगी।
इस कार्यक्रम में कबीरधाम जिले के 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के वे युवा प्रतिभागी शामिल होंगे, जिन्होंने माय भारत पोर्टल पर पंजीयन कराया है। चयनित युवा विभिन्न समसामयिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे तथा लोकतांत्रिक संवाद की परंपरा को सशक्त बनाएंगे।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद संतोष पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। उनके मार्गदर्शन से युवाओं को लोकतंत्र के महत्व एवं उसकी सुदृढ़ता में युवा शक्ति की भूमिका पर प्रेरक संदेश प्राप्त होगा।
उक्त जानकारी डॉ के. एस.परिहार प्राचार्य शासकीय महाविद्यालय सहसपुर लोहारा एवं माय भारत कवर्धा आयोजन समिति ने जिले के समस्त युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है, ताकि लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने की दिशा में सार्थक पहल की जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts