रायपुर (विश्व परिवार)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली वैभवी अग्रवाल ने रायपुर रेल मंडल के अधिकारियों से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मंडल के अधिकारियों ने उन्हें उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद ने सुश्री वैभवी अग्रवाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी एवं उनके चयन प्रक्रिया की तैयारी पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर वैभवी अग्रवाल के परिजन अपर मंडल रेल प्रबंधक बजरंग अग्रवाल सहित रायपुर रेल मंडल के अधिकारी, संजय अग्रवाल, पीयूष केडिया उपस्थित रहे।
मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद ने सुश्री वैभवी अग्रवाल को उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में आपका चयन आपके परिश्रम, समर्पण और दृढ़ संकल्प का उत्कृष्ट उदाहरण है। आपकी यह उपलब्धि न केवल आपके परिवार बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। आपकी यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से आपने जो मुकाम हासिल किया है, वह सराहनीय और अनुकरणीय है। आपने अपनी प्रतिभा और लगन से यह सिद्ध किया है कि निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। आपके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं। हमें विश्वास है कि आप अपने कार्यकाल में देश और समाज की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
इस अवसर पर वैभवी अग्रवाल ने भी अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए अनुशासन, धैर्य और सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है।





