रायपुर

ईपीएफओ द्वारा ईपीएस पेंशनधारकों के लिए डोरस्टेप डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) सुविधा शुरू

रायपुर (विश्व परिवार)। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने ईपीएस पेंशन धारकों की सुविधा के लिए इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) के सहयोग से डोरस्टेप डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) जनरेशन सुविधा प्रारंभ की है, जो 01 दिसंबर 2025 से प्रभावी है।
इस सुविधा के अंतर्गत अब पेंशनधारकों को अपना वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक, डाकघर या ईपीएफओ कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी। डाक सेवक/पोस्टमैन स्वयं पेंशनधारक के निवास पर जाकर आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी (FAT) अथवा बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट तैयार करेगा।
इस सुविधा की प्रमुख विशेषताएँ:
• पेंशनधारकों को घर बैठे सेवा
• सेवापूर्णतः निःशुल्क – किसी भी प्रकार का शुल्क देय नहीं
• सुरक्षित फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी (FAT)का उपयोग
• पेंशन भुगतान में किसी प्रकार का अवरोध नहीं
• वृद्ध, बीमार, दिव्यांग एवं असहाय पेंशनधारकों के लिए अत्यंत लाभकारी
सेवा का लाभ कैसे लें:
पेंशनधारक IPPB के कस्टमर केयर नंबर पर कॉल करके डोरस्टेप सेवा का अनुरोध कर सकते हैं। अनुरोध प्राप्त होने पर संबंधित क्षेत्र का डाक सेवक/पोस्टमैन पेंशनधारक के निवास पर जाकर विवरण सत्यापित करेगा एवं डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जनरेट करेगा।
• IPPB कस्टमर केयर नंबर:033-22029000
महत्वपूर्ण सूचना:
• इस सेवा के लिए किसी को भी कोई राशि न दें।
• डाक सेवक/पोस्टमैन भविष्य में स्वयं फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से DLC जनरेट करने हेतु मार्गदर्शन भी प्रदान करेगा।
• किसी भी शिकायत की स्थिति में पेंशनधारक EPFO अथवा IPPB की शिकायत निवारण प्रणाली का उपयोग कर सकते हैं।
छत्तीसगढ़ अंचल के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त -I, श्री जयवदन इंगले ने सभी ईपीएफ पेंशनरों से अनुरोध करते हुए कहा कि यह एक अत्यंत उपयोगी सुविधा है, जिसका लाभ सभी पेंशनर प्राप्त कर सकते हैं। यह सुविधा विशेष रूप से वृद्ध पेंशनरों के लिए अत्यंत लाभकारी है, क्योंकि यह एक घर पहुँच सेवा है। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन अपने सदस्यों एवं पेंशनरों के प्रति निरंतर सेवा सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण की दिशा में प्रतिबद्ध है, तथा यह पहल उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सभी ईपीएस–पेंशनरोंसे अनुरोध है कि वे अपना वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र (Digital Life Certificate) समय पर प्रस्तुत करने हेतु इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) के सहयोग से प्रारंभ की गई डोरस्टेप डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) सुविधा का लाभ उठाएँ।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts