- अवैध रूप से बन रहे थे पटाखे, पॉलीथीन में इकट्ठे किए गए बॉडी पार्ट्स
नई दिल्ली (विश्व परिवार)। अलवर जिले के भिवाड़ी खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक फैक्टरी में तेज धमाके के बाद भीषण आग लग गई। आग ने फैक्ट्री परिसर को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। घटना में 7 लोग जिंदा जल गए, जबकि कई अन्य घायल हुए है। सूचना मिलते ही आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे मजदूर और कर्मचारी बाहर निकल आए। पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। दमकल इंचार्ज राजू खान ने बताया कि यह हादसा औद्योगिक क्षेत्र के प्लॉट नंबर ल-1, 118 में हुई। शुरुआती जांच में पता चला कि यह फैक्टरी कई महीनों से बंद थी, लेकिन आग लगने के समय परिसर में बड़ी मात्रा में गत्ते का स्टॉक रखा हुआ था। सुबह करीब 10 बजे अचानक फैक्टरी के अंदर धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के दौरान 3-4 बार जोरदार धमाके हुए, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनी गई। प्राथमिक अंदेशा है कि फैक्ट्री में रखे गैस सिलेंडर फटने से यह तेज धमाके हुए।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए दमकल कर्मियों को कड़ी मेहनत करनी पड़ी, क्योंकि फैक्टरी में रखा गत्ता तेजी से जल रहा था। आग पर काबू पाने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी। एहतियात के तौर पर आसपास की अन्य फैक्ट्रियों को खाली कराया गया और बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। शुरुआती अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया ।भिवाड़ी, तिजारा, धारूहेड़ा, रेवाड़ी सहित कई जगहों से दमकल की टीमें मौके पर पहुंची। प्रशासन ने जांच के आदेश दिए है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्य के लिए निर्देशित किया। वन और पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा विधानसभा जयपुर से मौके के लिए रवाना हुए और जिला प्रशासन से पल-पल की जानकारी ले रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, भिवाड़ी, राजस्थान में आग की यह घटना दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजन खोए है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा, खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता है।





