दुर्ग (विश्व परिवार)। जिले के उतई थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान एक नाबालिग बालक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना ग्राम जोरातराई के बजरंग चौक इलाके की बताई जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर बालक के सिर पर धारदार कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को तुरंत बी.एम. शाह अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी परदेशी राम देवांगन (66 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और घटना के समय पहने कपड़े जब्त किए गए हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक विवादों को हिंसा की बजाय कानूनी और शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाएं।





