नई दिल्ली (विश्व परिवार) | जिनशासन की सेवा एवं जैन मूल्यों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में राजधानी दिल्ली में पहली बार श्री अतिवीराचार्य पुरस्कार समारोह का भव्य आयोजन रविवार , दिनांक 8 फरवरी 2026 को केदारनाथ साहनी ऑडिटोरियम, सिविक सेंटर, नई दिल्ली में किया जा रहा है।
परम पूज्य आचार्य श्री १०८ अतिवीर जी मुनिराज की मंगल प्रेरणा एवं पावन सान्निध्य में समायोजित इस ऐतिहासिक समारोह में जिनशासन के उन अनमोल रत्नों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने धर्म, साधना, शिक्षा, समाजसेवा एवं प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
यह कार्यक्रम की विशेषता यह है कि इसमें दिगम्बर एवं श्वेताम्बर—दोनों जैन सम्प्रदायों की सहभागिता होगी, जिससे समाज में एकता और समरसता का संदेश जाएगा। आयोजन में मंत्र महर्षि क्षुल्लक श्री १०५ योग भूषण जी महाराज के साथ संतों, विद्वानों, समाजसेवियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रहेगी।
यह आयोजन किसी व्यक्ति का नहीं, अपितु जिनशासन की गरिमा को बढ़ाने वाले व्यक्तित्व का होगा। इस अवसर पर जिनशासन प्रभावना हेतु श्रमण संघीय उपाध्याय रविन्द्र मुनि जी म.सा. को, संस्कृति संरक्षण हेतु पं. (स्व.) गुलाब चंद्र ‘पुष्प’ को, जैन न्याय दर्शन हेतु डॉ वीर सागर जैन को तथा जीवदया परोपकार हेतु पक्षियों का धर्मार्थ चिकित्सालय को श्री अतिवीराचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है।
“श्री अतिवीराचार्य पुरस्कार” जैन समाज में सेवा, संस्कार और समर्पण को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक नई पहल है जिसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को जैन संस्कृति, सेवा और साधना से जोड़ना है। जिनशासन के इस गरिमामय और प्रेरणास्पद आयोजन में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सादर आमंत्रित है।





