राघौगढ़ (विश्व परिवार)। जैन समाज की गौरवशाली संस्था भारतीय जैन मिलन का 60 वां स्थापना दिवस एवं आचार्य विद्यासागर दिगंबर जैन पाठशाला का 22 वां स्थापना दिवस जैन मिलन परिवार राघौगढ़ के तत्वावधान में समारोह पूर्वक मनाया गया। भारतीय जैन मिलन के निवृतमान राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय कुमार जैन ने कहा भारतीय जैन मिलन की स्थापना 2 मई 1966 को देहरादून में हुई थी। पिछले 59 वर्ष में इस संस्था ने जैन समाज की एकता के लिए प्रयास किए हैं। धार्मिक परमार्थिक एवं समाजसेवी गतिविधियों में भी भारतीय जैन मिलन का सक्रिय योगदान रहा है। आज देश में संस्था की 1450 शाखाएं हैं जिनमें 450 महिला शाखाएं एवं 50 युवा शाखाएं संचालित है। जैन मिलन राघौगढ़ के मंत्री विकास कुमार जैन ने बताया राघौगढ़ नगर में आचार्य विद्यासागर जी महाराज के शिष्य मुनि प्रशांत सागर जी, निर्वेग सागर जी की प्रेरणा एवं पावन सानिध्य में गत 2 मई 2004 को आचार्य विद्यासागर दिगंबर जैन पाठशाला का शुभारंभ हुआ। पिछले 21 वर्षों से पाठशाला के माध्यम से जैन समाज के नन्हे मुन्ने बच्चों को धार्मिक एवं संस्कारों की शिक्षा जारी है। आपने कहा पाठशाला में संचालिकाएं यहां निस्वार्थ भाव से अपनी सेवाएं दे रही है। दोनों संस्थाओं के स्थापना दिवस के अवसर पर जैन मिलन राघौगढ़ के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार जैन के सौजन्य से पाठशाला के बच्चों को प्रभावना वितरित की गई।