गरियाबंद (विश्व परिवार)। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिले की पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में थाना गरियाबंद, राजिम, फिंगेश्वर, पाण्डुका, देवभोग, अमलीपदर, पिपरछेड़ी और शोभा में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठकों में एसडीएम, तहसीलदार, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रमुख, कोटवार और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में होली को पारंपरिक गरिमा के साथ मनाने का संकल्प लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान हुड़दंग करने वालों, जबरन रंग डालने वालों, नशे की हालत में वाहन चलाने वालों और अन्य असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।बैठक में स्कूली बच्चों की परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रखने की बात भी कही गई। साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक खबरों से सावधान रहने तथा ऐसी किसी भी सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी देने की अपील की गई।बैठक में लिए गए निर्णयों का व्यापक प्रचार करने के लिए ग्राम कोटवारों को गांवों में मुनादी कराने के निर्देश दिए गए हैं।गरियाबंद पुलिस अधीक्षक ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से होली मनाने की अपील की है और अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।





