Blog

द्रोणगिरि में आयोजित होगा उत्तरांचल दिगम्बर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी का स्वर्ण जयंती महोत्सव

द्रोणगिरि (विश्व परिवार)। उत्तरांचल दिगम्बर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी द्वारा अपने स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन 20, 21 एवं 22 मार्च 2026 को ऐतिहासिक सिद्धक्षेत्र श्री द्रोणगिरि (लघु शिखरजी), जिला छतरपुर (म.प्र.) में आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय इस गरिमामयी आयोजन में देश के विभिन्न भागों से जैन समाज के श्रद्धालु, विद्वान एवं विशिष्ट अतिथि बड़ी संख्या में सहभागिता करेंगे। महोत्सव के उद्घाटन सत्र (20 मार्च) में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आईएएस, आईपीएस, आईआरएस अधिकारी, न्यायपालिका से जुड़े न्यायमूर्ति, सांसद, शिक्षाविद, उद्योगपति एवं समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान जैन संस्कृति, तीर्थ परंपरा, प्राचीन धरोहर, पुरातत्व तथा आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन पर विचार-विमर्श भी किया जाएगा। कमेटी के अध्यक्ष श्री शैलेन्द्र जैन (एडवोकेट), महामंत्री श्री प्रवीण जैन (लोनी) तथा आयोजन के मुख्य संयोजक प्रोफेसर डॉ. राजीव जैन ने बताया कि स्वर्ण जयंती महोत्सव के अंतर्गत धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित भी किया जाएगा। यह आयोजन जैन धर्म की महान तीर्थ परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक चेतना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध होगा तथा समाज में एकता, सहयोग और संस्कारों की भावना को और सुदृढ़ करेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts