रायपुर (विश्व परिवार)। अंर्तराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज, रायपुर द्वारा जे.सी.आई. रायपुर मैक यूनाइटेड (जोन-27) के सहयोग से एक भव्य “अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सम्मान समारोह” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 25 मार्च 2026 को प्रातः 10ः30 बजे से महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।
इस समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं की भूमिका, उनके साहस, समर्पण, नेतृत्व क्षमता एवं उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करना तथा महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विशिष्ट महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
यह आयोजन महाविद्यालय के चेयरमैन डॉ. रमेश अग्रवाल, पूर्व चेयरमैन राजेश अग्रवाल, सेक्रेटरी सरिता अग्रवाल, प्राचार्य डॉ. जैस्मिन जोशी तथा उप-प्राचार्य डॉ. श्वेता तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. वर्णिका शर्मा (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग) की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। उनके प्रेरणादायक विचार एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम को नई दिशा प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, प्रेरणादायक वक्तव्य एवं सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। साथ ही रायपुर के विभिन्न विद्यालयों की महिला प्राचार्य, उप-प्राचार्य एवं वरिश्ठ शिक्षिकाएँ भी कार्यक्रम में सहभागी बनेंगे।
यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, नेतृत्व क्षमता एवं समाज निर्माण में महिलाओं के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करते हुए युवाओं को प्रेरित करने का एक सशक्त मंच प्रदान करेगा। यह कार्यक्रम न केवल महिलाओं की उपलब्धियों का उत्सव है, बल्कि समाज में समानता, सम्मान और सशक्तिकरण के संदेश को भी सुदृढ़ करेगा।
महाविद्यालय प्रबंधन एवं आयोजन समिति ने सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों से इस गरिमामय एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम में सहभागी बनने की हार्दिक अपील की है।





