इंदौर देशमध्यप्रदेश

हनीमून पर पति को मौत के घाट उतारने वाली कातिल पत्नी से नफरत, होलिका की आग में सास ने स्वाहा की बहू के फेरों की साड़ी

इंदौर (विश्व परिवार)। मध्य प्रदेश के इंदौर को दहला देने वाले बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में अब एक बेहद भावुक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। होलिका दहन के पावन मौके पर राजा रघुवंशी के परिवार ने एक ऐसा कदम उठाया है, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है। न्याय की आस में बैठी राजा की मां ने अपनी कातिल बहू सोनम से जुड़ी दर्दनाक यादों को हमेशा के लिए मिटाने का फैसला किया। परिवार ने उस साड़ी को होलिका दहन की धधकती आग के हवाले कर दिया, जिसे पहनकर सोनम ने राजा के साथ शादी के सात फेरे लिए थे। परिवार का कहना है कि यह कदम उस खौफनाक धोखे और दर्दनाक यादों के अंत का सबसे बड़ा प्रतीक है।
धोखे और दर्दनाक यादों को होलिका की अग्नि में किया खाक
बेटे को खोने के गम में डूबी राजा की मां उमा रघुवंशी ने अपना दर्द बयां किया। उन्होंने कहा कि होलिका दहन हमेशा से बुराई पर अच्छाई की जीत का सबसे बड़ा पर्व रहा है। अपने ही सुहाग का कत्ल कराने वाली सोनम फिलहाल सलाखों के पीछे है और कानून उसे उसके किए की कड़ी सजा जरूर देगा, लेकिन उससे जुड़ी बुरी यादों का भी अंत होना जरूरी था। उन्होंने बताया कि जिस साड़ी में सोनम ने झूठे वादों के साथ शादी की थी, उसे होलिका की अग्नि में जलाकर उस भयानक धोखे और पीड़ा की यादों को हमेशा के लिए दफन कर दिया गया है। परिवार के लिए यह कदम बेटे के साथ हुए सबसे बड़े विश्वासघात की यादों को खत्म करने की एक कोशिश है।
पिछले साल की होली बनी आखिरी, वीडियो देख छलक पड़े मां के आंसू
इस भावुक मौके पर राजा की मां अपने बेटे के पिछले साल के होली के वीडियो देखकर फूट-फूट कर रो पड़ीं। उन्होंने रूंधे गले से बताया कि पिछले साल इसी सोनम ने खुद राजा को रंग लगाने के लिए बुलाया था। दोनों ने परिवार के साथ खूब गुलाल उड़ाया था और खुशी-खुशी त्योहार मनाया था। उमा रघुवंशी ने कहा कि उस वक्त किसी को इस बात का जरा सा भी अंदाजा नहीं था कि सोनम के मन में क्या जहर पल रहा है और यह राजा की जिंदगी की आखिरी होली होगी। अब वही हंसती-खेलती यादें परिवार के सीने में तीर की तरह चुभ रही हैं। उन्होंने कहा कि उनके लिए होली अब पहले जैसी नहीं रही, लेकिन उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है।
हनीमून के बहाने शिलॉन्ग ले जाकर रची थी खौफनाक साजिश
आपको बता दें कि यह दिल दहला देने वाला मामला मई 2025 का है। आरोप है कि कातिल पत्नी सोनम रघुवंशी ने एक खौफनाक साजिश रची और अपने पति राजा रघुवंशी को हनीमून के बहाने प्यार से शिलॉन्ग ले गई। वहां उसने अपने प्रेमी राज कुशवाहा और उसके गुर्गों के साथ मिलकर राजा की बेरहमी से हत्या करवा दी थी। इस हाई-प्रोफाइल मामले में सोनम और उसका प्रेमी राज फिलहाल जेल की हवा खा रहे हैं। हाल ही में इस प्रकरण में दो आरोपियों को कोर्ट से बरी भी किया गया है, जबकि कई अन्य आरोपियों की इंदौर से शिलॉन्ग की अदालत में ऑनलाइन पेशी करवाई जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts