Home झारखंड महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार से आत्मीय भेंट, महावीर जयंती समारोह का निमंत्रण

महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार से आत्मीय भेंट, महावीर जयंती समारोह का निमंत्रण

42
0

राँची (विश्व परिवार)। एक दिवसीय झारखंड प्रवास के दौरान राँची राजभवन में महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार जी से एक आत्मीय और सौहार्दपूर्ण भेंट संपन्न हुई। इस भेंट के अवसर पर तीर्थंकर भगवान महावीर जयंती के उपलक्ष्य में राँची में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम के लिए राज्यपाल महोदय को सादर आमंत्रित किया गया, जिसे उन्होंने सहजता और उत्साह के साथ स्वीकार किया।
स्वामी देवेन्द्र ब्रह्मचारी जी ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि झारखंड की यात्रा अत्यंत अर्थपूर्ण और यादगार रही। उन्होंने यह भी कहा कि महामहिम राज्यपाल श्री गंगवार जी का सहज और सरल व्यक्तित्व सभी को गहराई से प्रभावित करता है। उनकी विनम्रता और आत्मीय व्यवहार ने इस मुलाकात को और भी महत्वपूर्ण बना दिया।
राज्यपाल जी से संवाद के दौरान ब्रह्मचारी जी ने विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उनका मानना है कि, “जीवन में मार्ग ढूंढना है, मंजिल तलाशनी है, और उपाधि केवल पुरस्कार नहीं बल्कि नई शुरुआत है। हमें समाज, राज्य और राष्ट्र को बहुत कुछ देना है, और इसके लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।”
स्वामी देवेन्द्र ब्रह्मचारी जी ने महावीरायतन फाउंडेशन के माध्यम से सामाजिक समरसता, धर्म और राष्ट्रहित के लिए समर्पित अपनी यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वे तीर्थंकर भगवान महावीर के सत्य और अहिंसा के पदचिन्हों पर चलते हुए, समाज के सभी वर्गों को एक साथ लेकर परस्पर प्रेम और सद्भावना के लिए पिछले दो दशकों से निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनका मुख्य उद्देश्य न केवल भारत में, बल्कि समस्त विश्व में सद्भाव और एकता की भावना को बढ़ावा देना है।
इसी वर्ष महावीर जयंती के पावन अवसर पर “महा-महाविरोत्सव-2025” का भव्य आयोजन CMPDI इंस्टीट्यूट, रांची, झारखंड में किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन में देश-विदेश के अनेक धर्मगुरु, राजनेता, प्रसिद्ध उद्योगपति और कला जगत की विभूतियाँ सम्मिलित होंगी। झारखंड के समस्त जैन समाज एवं अन्य धार्मिक समुदायों के गणमान्यजन भी इस आयोजन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
राज्यपाल महोदय से अनुरोध किया गया कि वे इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हों। उनकी गरिमामयी उपस्थिति इस आयोजन की महत्ता को और भी बढ़ाएगी तथा भगवान महावीर के शाश्वत संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के प्रयास को सशक्त करेगी।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर राँची जैन समाज के अध्यक्ष नरेन्द्र गंगवाल, अजय जैन, मनोज जैन इशिका, संजय पाटनी, पंकज पांड्या, उमेदमल काला, अरुण गंगवाल और संयम पाटनी की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here