रायपुर (विश्व परिवार)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत तीन कांग्रेस नेताओं के खिलाफ 500 करोड़ रुपये की मानहानि का मुकदमा दायर किया है। यह मामला भूपेश बघेल, जितेंद्र सिंह और कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के खिलाफ दर्ज कराया गया है।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी कि इन तीनों नेताओं ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उनके खिलाफ जानबूझकर झूठे, निराधार और बदनाम करने वाले आरोप लगाए, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है। इसी के चलते उन्होंने कानूनी कार्रवाई का फैसला लिया है।
गौरतलब है कि 4 फरवरी को असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के परिवार ने राज्य में करीब 12,000 बीघा जमीन पर अवैध रूप से कब्जा किया है। यह भूमि लगभग 3,960 एकड़ क्षेत्रफ ल में फैली बताई गई थी। इस बीच, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को हाल के दिनों में धार्मिक भेदभाव से जुड़े बयानों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीशों और सिविल सोसाइटी के विभिन्न वर्गों की आलोचना का भी सामना करना पड़ा है। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर सभी की नजर बनी हुई है।





