बिलासपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक सडक़ हादसे ने चार परिवारों को उजाड़ दिया। नेशनल हाईवे पर रॉन्ग साइड से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कॉर्पियो वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह हादसा सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुरी के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग एक ढाबे पर खाना खाने के बाद वापस लौट रहे थे, तभी सामने से गलत दिशा में आ रहे ट्रेलर ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान छत्रपाल रात्रे, विशाल लहरे, अनमोल लहरे और देवेंद्र मिरी के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल शिक्षक चंद्रप्रकाश रात्रे को तुरंत सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस भीषण हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो हादसे की भयावहता को बयां करता है।






