बिलासपुर (विश्व परिवार)। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सडक़ हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा जूना शहर के पास उस समय हुआ जब दो तेज रफ्तार बाइक आमने-सामने भिड़ गईं।
जानकारी के अनुसार, भरवीडीह निवासी मनहरण कमल (61) रेलवे में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे और कोटा रेलवे स्टेशन में पदस्थ थे। शुक्रवार शाम वे अपनी ड्यूटी के लिए बाइक क्रमांक सीजी 10 एजे 4464 से कोटा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक क्रमांक सीजी 10 बीवी 9022 से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
दूसरी बाइक पर सवार शिव धनुहार (35) और कृष्णा धनुहार किसी बारात में शामिल होने जा रहे थे। दोनों वाहनों की रफ्तार अधिक होने के कारण टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सडक़ पर दूर जा गिरे और दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
हादसे में मनहरण कमल और शिव धनुहार के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कृष्णा धनुहार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से पहले रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई और डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पहुंचकर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है।





