दुर्ग (विश्व परिवार)। दुर्ग जिले में अवैध अफीम की खेती के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान छोटू राम के रूप में हुई है, जो राजस्थान के जोधपुर का निवासी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अफीम की खेती के लिए बीज राजस्थान से मंगाए गए थे। छोटू राम ही आरोपियों को अफीम के बीज उपलब्ध कराता था। पुलिस ने उसे 12 मार्च को जोधपुर से गिरफ्तार किया। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें बीजेपी नेता विनायक ताम्रकर (तेमरापारा दुर्ग), विकास बिश्नोई (मतोडा, जोधपुर) और मनीष उर्फ गोलू ठाकुर (समोदा) शामिल हैं। तीनों को 7 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। घटना के बाद कुछ आरोपी राजस्थान भाग गए थे और मोबाइल बंद कर छिपे हुए थे, जिसके कारण चौथे आरोपी तक पहुंचने में पुलिस को समय लगा। एक आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है। वहीं, इस मामले में कृषि विस्तार अधिकारी, पटवारी और सर्वेयर को भी नोटिस जारी किया गया है।
बताया जा रहा है कि पुलगांव थाना क्षेत्र के जेवरा-सिरसा चौकी के अंतर्गत समोदा, झेनझरी और सिरसा के बीच स्थित खेतों में अवैध अफीम की खेती की जा रही थी। 6 मार्च को सरपंच की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान मक्का की फसल के बीच अफीम के पौधे लगाए गए थे ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन में लगी अफीम की फसल जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये बताई गई है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।





