रायपुर (विश्व परिवार)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संस्था की प्रांतीय स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश अध्यक्ष मुरली मनोहर खण्डेलवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश भर से आए पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए संगठन की मजबूती एवं सेनानी परिवारों के हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में अनिल कुमार गुप्ता, अरुण दुबे, अजय जैन एवं सविता पाठक ने अपने उद्बोधन में बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों की गणना हेतु सर्वेक्षण कराए जाने की दिशा में शीघ्र पहल की जाएगी। इसके लिए माननीय मुख्यमंत्री, महामहिम राज्यपाल, क्षेत्रीय सांसद एवं विधायकों को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्यवाही हेतु आग्रह किया जाएगा।
बैठक में विशेष रूप से भानुप्रतापपुर की विधायक सावित्री मनोज मंडावी द्वारा विधानसभा के बजट सत्र में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से संबंधित विषय उठाए जाने पर हर्ष व्यक्त किया गया। इस सराहनीय पहल के लिए संस्था के पदाधिकारी शीघ्र ही उनसे भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित करेंगे। साथ ही बेमेतरा में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में उनका सम्मान करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
इसके अतिरिक्त, समाचार माध्यमों से प्राप्त जानकारी के अनुसार गौरेला जनपद पंचायत में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को कचरे के पास फेंके जाने की घटना पर बैठक में गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया। संस्था ने इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी 29 मार्च को जिला शाखा बेमेतरा द्वारा आयोजित सेनानी उत्तराधिकारियों के सम्मान समारोह में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाया जाएगा।
प्रांतीय सचिव सुनील बाजारी ने बैठक के दौरान संस्था को सशक्त एवं विस्तृत करने के उद्देश्य से उपस्थित सदस्यों को सदस्यता प्रपत्र वितरित किए और अधिक से अधिक लोगों को संस्था से जोड़ने का आह्वान किया।
बैठक में सविता पाठक, अनिल कुमार गुप्ता, अरुण दुबे, अजय जैन, अजय सोनी, शैलेन्द्र राठौर, सुनील बाजारी, चंद्रकांत पांडे एवं राजेन्द्र कुमार उमाठे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का सफल संचालन अजय जैन द्वारा किया गया।





