गरियाबंदछत्तीसगढ़

गरियाबंद में 9 आत्मसमर्पित नक्सलियों को मिली प्रोत्साहन राशि, कलेक्टर और एसपी ने सौंपे चेक

गरियाबंद (विश्व परिवार)। जिले में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को मुख्यधारा से जोडऩे और पुनर्वास की दिशा में प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में 9 आत्मसमर्पित नक्सलियों को प्रोत्साहन स्वरूप 50-50 हजार रुपये की राशि के चेक प्रदान किए गए। यह चेक कलेक्टर बीएस उइके और पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर द्वारा सौंपे गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इससे पहले भी जिले में 17 आत्मसमर्पित नक्सलियों को उनके बैंक खातों में प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा चुकी है। इस तरह अब तक कुल 26 आत्मसमर्पित नक्सलियों को शासन की पुनर्वास योजना के तहत आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। कलेक्टर बीएस उइके ने बताया कि शासन की पुनर्वास नीति के अंतर्गत आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को कौशल विकास प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि वे विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें। साथ ही शासन की आवास योजनाओं के तहत उनके लिए घर बनाने की प्रक्रिया भी जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लोग हिंसा का रास्ता छोडक़र समाज की मुख्यधारा से जुड़ें और सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत करें। प्रशासन की ओर से आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता प्रदान की जा रही है। वहीं पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने बताया कि पुनर्वास योजना के तहत प्रत्येक आत्मसमर्पित नक्सली को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य उन्हें सुरक्षित और बेहतर जीवन उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने परिवार के साथ सामान्य और सम्मानजनक जीवन जी सकें।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धिरेन्द्र पटेल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts