देशदेश-विदेशनई दिल्ली

भारत–सेशेल्स संबंधों को नई ऊंचाई: पीएम मोदी ने किया 175 मिलियन डॉलर पैकेज का ऐलान

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के बीच सोमवार को द्विपक्षीय मुलाकात हुई। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने भारत–सेशेल्स संबंधों, आर्थिक सहयोग और विकास साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि भारत और सेशेल्स के रिश्ते केवल राजनयिक स्तर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हिंद महासागर की लहरें सदियों से दोनों देशों के लोगों को जोड़ती आ रही हैं।
संयुक्त बयान में रिश्तों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर जोर
बैठक के बाद संयुक्त बयान जारी करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मुझे राष्ट्रपति हर्मिनी और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। सेशेल्स के राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर मैं भारत के 1.4 बिलियन लोगों की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई देता हूं।” उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति हर्मिनी की यह पहली भारत यात्रा है और यह ऐसे शुभ अवसर पर हो रही है, जब सेशेल्स अपना 50वां स्वतंत्रता दिवस और भारत–सेशेल्स के राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ मना रहा है।
सदियों पुराने समुद्री संपर्कों का उल्लेख
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये ऐतिहासिक पड़ाव दोनों देशों को निरंतर नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने दोहराया कि भारत और सेशेल्स के संबंध केवल कूटनीतिक नहीं हैं। हिंद महासागर के तटों पर दोनों देशों के बीच व्यापार फला-फूला, संस्कृतियों का आदान-प्रदान हुआ और विश्वास की परंपराएं समय के साथ और मजबूत होती गईं।
आर्थिक सहयोग और डिजिटल साझेदारी पर सहमति
पीएम मोदी ने बताया कि दोनों देश आर्थिक सहयोग को और सुदृढ़ बनाने के लिए नए अवसरों की तलाश जारी रखने पर सहमत हुए हैं। लोकल करेंसी में व्यापार को बढ़ावा देने के साथ-साथ फिनटेक और डिजिटल समाधानों के क्षेत्र में सहयोग को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास साझेदारी भारत–सेशेल्स संबंधों की मजबूत नींव रही है और भारत के सभी प्रयास सेशेल्स की प्राथमिकताओं और आवश्यकताओं पर आधारित हैं।
175 मिलियन डॉलर के इकोनॉमिक पैकेज की घोषणा
प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि भारत सेशेल्स के लिए 175 मिलियन डॉलर के विशेष इकोनॉमिक पैकेज की पेशकश करेगा। यह पैकेज सोशल हाउसिंग, ई-मोबिलिटी, व्यवसायिक प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, रक्षा और मैरीटाइम सुरक्षा जैसे अहम क्षेत्रों में ठोस परियोजनाओं को समर्थन देगा।
युवाओं के लिए रोजगार और कौशल के नए अवसर
पीएम मोदी ने कहा कि इन पहलों से सेशेल्स के लोगों, विशेषकर युवाओं, के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि सेशेल्स के सिविल सर्वेंट्स की भारत में ट्रेनिंग के लिए एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए जा रहे हैं। डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के तहत भारत अपने सफल अनुभव सेशेल्स के साथ साझा करेगा, जबकि स्वास्थ्य क्षेत्र में भारत एक विश्वसनीय साझेदार के रूप में आगे भी सहयोग करता रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts