- 17 को कांग्रेस करेगी विधानसभा का घेराव
रायपुर (विश्व परिवार)। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला और प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने पत्रकार वार्ता को संबोधित किया।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने पत्रकार वार्ता लेकर कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में गैस की किल्लत शुरू हो गयी है। आम आदमी परेशान हो रहा है। गैस एजेंसियों के सामने लंबी-लंबी कतारें लगी हुई है। गैस कंपनियों के बुकिंग नंबर लगभग बंद सर्वर का बहाना बनाकर बुकिंग लेना बंद कर दिया गया है और सरकार जमीनी हकीकत को मानने को तैयार नहीं है। भाजपा की तरफ से बयानबाजी करके कहा जा रहा कि गैस की किल्लत नहीं है, कांग्रेस भ्रम फैला रही है। क्या कांग्रेस ने लोगों से कहा है कि सब कुछ छोड़कर आप गैस एजेंसियों के सामने लाइन में खड़े हो। लोगों के घर में गैस नहीं होने के कारण चूल्हे नहीं जल रहे और भाजपा कहती है अफवाहों पर ध्यान मत दे। सरकार अखबारों में और सोशल मीडिया में विज्ञापन देकर दावा कर रही है कि गैस की आपूर्ति सामान्य है। फिर एजेंसियों में भीड़ क्यों है? बुकिंग लेना बंद क्यों किया गया है? आम आदमी को शौक लगा है कि वह अपना काम धाम छोड़कर एक सिलेंडर लेने के लिए घंटों लाइन में खड़ा है। सरकार ने अचानक से कमर्शियल गैस की सप्लाई क्यों बंद कर दिया? अचानक से कमर्शियल गैस की सप्लाई अघोषित तौर पर रोक देने से घरेलू गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग होगा, कालाबाजारी होगी और होटल व्यवसाईयों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा, जिससे कुक्ड फूड के दाम भी प्रभावित होंगे। राजधानी के लगभग आधे रेस्टोरेंट गैस की किल्लत के कारण बंद होने की स्थिति में है। देश में 12 सालों में मोदी की सरकार है, इन 12 सालों में मोदी की सरकार ने क्रूड ऑयल और गैस भंडारण के लिए एक भी भंडार नहीं बनाये। देश में इस समय कुल 3 भंडारण केंद्र है, पहला विशाखापट्टनम, आंध्र प्रदेश में इसका निर्माण 2008 से 2014 के बीच हुआ। दूसरा मंगलुरू कर्नाटका में इसका निर्माण 2009 से 2016 के बीच हुआ। तीसरा पेडूर कर्नाटका इसका निर्माण भी यूपीए सरकार ने कराया 2010 में। देश की कुल तेल और गैस भंडारण क्षमता 5.33 मिलियन टन है। पूरे का निर्माण कांग्रेस की यूपीए सरकार ने किया। मोदी सरकार ने क्या किया? यह भंडारण केंद्र इसलिए बनाये जाते है ताकि युद्धकाल में, संकट काल में अंतराष्ट्रीय बाजार में कीमते बढ़ने का प्रभाव देश पर न पड़े। आज देश में गैस का संकट है तो इसके पीछे मोदी सरकार की लापरवाही है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने पत्रकार वार्ता लेकर कहा कि प्रदेश में अफीम की खेती में भाजपा का पूरा शीर्ष नेतृत्व शामिल है। दुर्ग में अफीम खेती का सरगना विनायक ताम्रकार के भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ मधुर संबंध थे। भाजपा के राष्ट्रीय प्रभारी अजय जामवाल, बीएल संतोष, केन्द्रीय मंत्री तोखन साहू, केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, दुर्ग सांसद विजय बघेल, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, गृह मंत्री विजय शर्मा भाजपा संगठन के दर्जनों नेताओं के साथ उसकी फोटो तथा भाजपा के कार्यक्रमो में उसकी सक्रिय सहभागिता बताती है। अफीम की खेती के पीछे विनायक ताम्रकार एक छोटा मोहरा है। असली में पूरी भाजपा को उसका संरक्षण मिला हुआ है। इस काले धंधे में सभी शामिल थे। राज्य में अफीम की खेती की निष्पक्ष जांच होनी चाहिये। बिना सरकार के संरक्षण के पूरे प्रदेश में नशे का इतना बड़ा कारोबार संभव नहीं है। भाजपा ने विनायक ताम्रकार को केवल निलंबित किया है, निष्कासित नहीं। उसे कौन बचा रहा है? विनायक ताम्रकार पुलिस ने मुख्य अभियुक्त क्यों नहीं बनाया, सरकार उसे क्यों बचा रही है? बलरामपुर में अफीम की खेती करने वाले को भाजपा के किस नेता का संरक्षण था, जनता जानना चाहती है? बलरामपुर में तो जिस जमीन पर अफीम की खेती हो रही थी, गिरदावरी में वहाँ अन्य फसल लगा होना बताया है, मतलब सरकारी अमले को पता था वहाँ अफीम की खेती हो रही थी, इसका मतलब साफ है कि सत्ता के संरक्षण में ही यह सब कुछ हो रहा है।
17 को कांग्रेस करेगी विधानसभा का घेराव
कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने पत्रकार वार्ता में बताया कि कांग्रेस 17 मार्च को विधानसभा का घेराव करेगी। मनरेगा बचाओ संग्राम तथा प्रदेश के स्थानीय मुद्दो बिजली के दाम में बढ़ोत्तरी, किसानो से धोखा, धान खरीदी पर वादा खिलाफी, गैस सिलेंडर के दामो की बढोत्तरी जैसे मुद्दो को लेकर कांग्रेस विधानसभा का घेराव करेगी। इस कार्यक्रम में प्रदेश के प्रभारी महासचिव सचिन पायलट सहित राज्य के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता, पदाधिकारी सहित आम आदमी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। विधानसभा घेराव के लिए जिलेवार तथा विधानसभा प्रभारियों की नियुक्तियां की जा चुकी है। प्रदेश के कोने-कोने से कांग्रेसजन विधानसभा घेराव में शामिल होकर डबल इंजन की सरकार के खिलाफ हल्ला बोलेंगे। मार्च को राजधानी रायपुर के शंकर नगर पहुना के पहले केनाल रोड पर भारत माता चौक से कांग्रेसजन दोपहर 12 बजे विधानसभा की ओर कूच करेंगे।
पत्रकार वार्ता में संयुक्त महामंत्री अशोक राज आहूजा, वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, प्रवक्ता सत्यप्रकाश, परवेज अहमद उपस्थित थे।





