रायपुर (विश्व परिवार)। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), रायपुर शाखा कार्यालय द्वारा दिनांक 02 फरवरी 2026 को जिला खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई में आभूषण विक्रेताओं के लिए ज्वैलर्स जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय मानक ब्यूरो के वैज्ञानिक- ई/निदेशक एवं प्रमुख सुमन कुमार गुप्ता द्वारा की गई। श्री गुप्ता ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा मानकों की समझ विकसित करने में ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर दीपक कुमार साहू, वैज्ञानिक-बी/सहायक निदेशक ने बीआईएस हॉलमार्किंग योजना पर प्रस्तुति दी। उन्होंने सोने एवं चांदी की मिश्र धातुओं के प्रकार, आभूषणों एवं कलाकृतियों की शुद्धता तथा ग्रेड से संबंधित जानकारी विस्तारपूर्वक साझा की। कार्यक्रम में योगेन्द्र कुमार, ब्रांच हॉलमार्किंग रिप्रेज़ेंटेटिव ने बीआईएस लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया के विभिन्न चरणों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में संजय बरडिया, जिला अध्यक्ष, खैरागढ़, जय डाकलिया, अध्यक्ष, सराफा एसोसिएशन, खैरागढ़, अशोक जैन, वरिष्ठ ज्वैलर्स सहित 35 से अधिक आभूषण विक्रेताओं ने सक्रिय रूप से सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य आभूषण विक्रेताओं को बीआईएस मानकों, हॉलमार्किंग एवं लाइसेंसिंग प्रक्रिया के प्रति जागरूक कर उपभोक्ताओं को मानक अनुरूप एवं गुणवत्तापूर्ण आभूषण उपलब्ध कराना था।





