बिलासपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ में एक महिला के अपने तीन बच्चों के साथ रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे परिजनों में चिंता और बेचैनी बढ़ गई है। महिला पांडातराई क्षेत्र से अपने मायके बिलासपुर जाने के लिए निकली थी, लेकिन वहां पहुंची ही नहीं।
जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 15 निवासी बिसेन कार्निक (34 वर्ष) ने अपनी पत्नी पुष्पनंदनी कार्निक (26 वर्ष) और तीन बच्चों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 2 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे उनकी पत्नी बच्चों के साथ इलाज कराने बिलासपुर जाने की बात कहकर शारदा बस से रवाना हुई थीं। शाम करीब 6 बजे संपर्क करने पर महिला के दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले। ससुराल पक्ष से बात करने पर भी पता चला कि वह मायके नहीं पहुंची। परिजनों ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन बस चालक से पूछताछ में पता चला कि महिला और बच्चों को महाराणा प्रताप चौक के पास उतारा गया था। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है।
पति ने पुलिस पर खोजबीन में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और महिला व बच्चों की तलाश जारी है।





