गंगटोक (विश्व परिवार)। पूर्वोत्तर समेत सिक्किम में जारी भारी वर्षा के बीच रविवार शाम को उत्तरी इलाके के छतेन में एक सैन्य शिविर भूस्खलन की चपेट में आ गया। इस दर्दनाक हादसे में 3 जवानों की मौत हो गई, जबकि 6 सुरक्षाकर्मी लापता बताए जा रहे हैं। रक्षा अधिकारियों के अनुसार, भूस्खलन कल शाम करीब 7 बजे हुआ। अभी तक घटनास्थल से 3 शव बरामद किए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि दुर्गम मौसम और चुनौतीपूर्ण भू-भाग की परिस्थितियों के बावजूद बचाव अभियान तेजी से जारी है। सेना के अधिकारियों ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं और चार अन्य जवानों को मामूली चोटों के साथ सुरक्षित निकाल लिया गया है। लापता छह कर्मियों का पता लगाने के लिए बचाव दल चौबीसों घंटे कठिन परिस्थितियों में काम कर रहे हैं।
गौरतलब है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के चलते असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, सिक्किम और मणिपुर जैसे राज्यों में बाढ़ और भूस्खलन से भारी तबाही मची हुई है। असम में तो बारिश ने पिछले 132 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।