अमलेश्वर (विश्व परिवार)। दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र स्थित कृष्णा वाटिका रिसॉर्ट में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ खेल रहे 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त छापेमार कार्रवाई में पुलिस ने मौके से नगद राशि सहित लाखों रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस को 1 मार्च को सूचना मिली थी कि रिसॉर्ट में कुछ लोग ताश के पत्तों पर पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद अमलेश्वर थाना पुलिस और ACCU टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी।
दबिश के दौरान सभी 16 आरोपी जुआ खेलते हुए पकड़े गए। उनके कब्जे से ?3,59,470 नगद, 22 मोबाइल फोन, 3 मोटरसाइकिल और 3 चारपहिया वाहन जब्त किए गए हैं। जब्त वाहनों और अन्य सामान की कुल कीमत 25 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों में रायपुर और दुर्ग जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी शामिल हैं।
पुलिस ने इस कार्रवाई को टीम वर्क का परिणाम बताते हुए कहा कि अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
दुर्ग पुलिस की अपील:
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।





