दुर्ग

महापौर अलका बाघमार का लुचकी तालाब निरीक्षण,सफाई कार्यों में तेजी के निर्देश

  • अतिक्रमण पर कड़ी कार्रवाई, दो कारोबारियों पर जुर्माना
  • शहर में यातायात व स्वच्छता व्यवस्था सुधारने पर निगम का फोकस
  • नियमित निरीक्षण अभियान जारी रखने के निर्देश

दुर्ग (विश्व परिवार) नगर पालिक निगम।आज प्रातः महापौर अलका बाघमार द्वारा शहर के प्रमुख जलस्रोत लुचकी तालाब का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तालाब की साफ-सफाई, गहरीकरण कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चंद्रकार, नीलेश अग्रवाल एवं पार्षद जितेंद्र ताम्रकर भी उपस्थित रहे।

महापौर ने तालाब के चारों ओर भ्रमण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और लुचकी तालाब के समग्र विकास हेतु शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह तालाब शहर की महत्वपूर्ण धरोहर है, जिसके संरक्षण और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता देना आवश्यक है, ताकि नागरिकों को बेहतर पर्यावरण और सुविधाएं मिल सकें।

निरीक्षण के दौरान गुजराती धर्मशाला के समीप वार्ड क्रमांक 8 में भवानी ट्रेडर्स द्वारा दुकान के बाहर सड़क सीमा क्षेत्र में रेत और गिट्टी रखकर व्यवसाय किए जाने पर महापौर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल सामग्री हटाने के निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों को 3,000 रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।

इसी तरह नाली के ऊपर कबाड़ सामग्री रखकर अतिक्रमण करने वाले आबिद कबाड़ी के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए 1,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। महापौर ने स्पष्ट कहा कि बाजार क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आवागमन होता है, ऐसे में नागरिकों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के प्रमुख स्थानों पर नियमित निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रखें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इस दौरान स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता,उपअभियंता विनोद मांझी,सफाई दरोगा सुरेश भारती, मनोहर शिंदे सहित निगम का अमला उपस्थित रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts