रायपुर (विश्व परिवार)। मंगलवार को नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम जोन 4 कार्यालय में पंप हाउस और सम्पवेल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्षदों और अधिकारियों के साथ स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने जोन 4 कार्यालय में नया पंप हाउस बनाने और सम्पवेल में नई मोटर पंप मशीन जल्द स्थापित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्य के लिए नियमानुसार निविदा प्रक्रिया जारी है और इसके पूर्ण होते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
महापौर ने जल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, जोन अधिकारियों और जल विभाग के अभियंताओं की उपस्थिति में पंप हाउस और सम्पवेल की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया गया।





