छत्तीसगढ़रायपुर

वार्डों में जल समस्याओं पर फोकस, महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों को दिए निर्देश

रायपुर (विश्व परिवार)। मंगलवार को नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे नगर निगम जोन 4 कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने वार्ड पार्षदों एवं अधिकारियों की बैठक लेकर गर्मी के मौसम में जलापूर्ति व्यवस्था सुचारु बनाए रखने की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में महापौर ने वार्ड पार्षदों से उनके क्षेत्रों की जल संबंधी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने नगर निगम जल बोर्ड, जोन 4, अमृत मिशन और रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पार्षदों के साथ 25 मार्च 2026 को वार्डों का स्थल निरीक्षण करें और वास्तविक स्थिति का आकलन कर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
महापौर ने कहा कि अधिकारी पार्षदों के साथ मिलकर यह पहचान करें कि किस वार्ड में किस प्रकार की जल समस्या है और उसके समाधान के लिए तकनीकी सुझावों सहित रिपोर्ट तुरंत प्रस्तुत करें, ताकि गर्मी के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निर्देशों के तहत नगर निगम जल बोर्ड, जोन 4 जल विभाग, अमृत मिशन शाखा और 24×7 जलापूर्ति परियोजना की टीमें तीन अलग-अलग दलों में विभाजित होकर वार्डों का निरीक्षण करेंगी। ये टीमें पार्षदों के साथ मिलकर जल समस्या वाले स्थानों का जायजा लेंगी और समाधान के लिए आवश्यक तकनीकी सुझाव व रिपोर्ट देंगी, जिस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में निगम के जनप्रतिनिधि, जोन 4 के अधिकारी और जल विभाग के अभियंता भी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts